रेलवे हॉस्पिटल नरसिंहपुर में फर्स्ट एड प्रशिक्षण का आयोजन, 92 कर्मचारियों ने लिया लाभ

Revanchal
2 Min Read


दैनिक रेवांचल टाइम्स | नरसिंहपुर
दिनांक 20 जून 2026 को रेलवे हॉस्पिटल नरसिंहपुर में फर्स्ट एड (प्राथमिक उपचार) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे द्वारा रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।


प्रशिक्षण के दौरान सीपीआर (CPR), इलेक्ट्रिक शॉक लगने की स्थिति, पानी में डूबने, आग से जलने, सांप के काटने तथा मिर्गी के दौरे जैसी आपात स्थितियों में किए जाने वाले प्राथमिक उपचार के बारे में विस्तार से बताया गया।
डॉ. कुर्रे ने विशेष रूप से ट्रैकमैन कर्मचारियों को कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ट्रैक पर कार्य करते समय गमबूट (सुरक्षा जूते) एवं ग्लव्स अवश्य पहनने चाहिए, क्योंकि बरसात एवं रात्रि के समय सांप के काटने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक के बजाय तत्काल चिकित्सकीय उपचार ही एकमात्र प्रभावी उपाय है।


उन्होंने कर्मचारियों को यह भी समझाया कि ट्रैक पर कार्य करते समय लोहे के औजारों अथवा सामग्री को सीधे खड़ा कर ले जाने के बजाय नीचे रखकर ले जाना चाहिए, जिससे विद्युत करंट लगने की संभावना कम हो जाती है। साथ ही ट्रैक पर कार्य करते समय हेडफोन का उपयोग न करने की सलाह दी गई, क्योंकि इससे आने-जाने वाली ट्रेनों की आवाज सुनाई नहीं देती और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।


बरसात के मौसम में रेलवे ट्रैक पार करते समय छाता लेकर क्रॉसिंग करने के बजाय फुट ओवरब्रिज का उपयोग करने तथा बारिश में बरसाती पहनकर ही कार्य करने की सलाह दी गई। डॉ. कुर्रे ने कहा कि कर्मचारियों का स्वस्थ रहना रेलवे की बेहतर कार्यप्रणाली के लिए अत्यंत आवश्यक है।

👁️ 3 views Views
Share This Article
Translate »