दैनिक रेवांचल टाइम्स नरसिंहपुर, 1 जुलाई 2026। ट्रेन संख्या 11062 से यात्रा कर रही एक महिला यात्री के पांच वर्षीय बच्चे को पैर में गंभीर चोट, सूजन और तेज दर्द की शिकायत होने पर नरसिंहपुर रेलवे स्टेशन पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। रेलवे की तत्परता से बच्चे का समय पर उपचार होने से परिजनों ने राहत की सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 11062 में यात्रा कर रहीं नीतू झा (पीएनआर 6302953021, कोच S-08, सीट संख्या 24) अपने पांच वर्षीय बच्चे के साथ सफर कर रही थीं। यात्रा के दौरान बच्चे के पैर में तेज दर्द, सूजन एवं चलने में असमर्थता की शिकायत सामने आई।
मामले की सूचना 139 रेलवे हेल्पलाइन के माध्यम से डिप्टी एसएस, नरसिंहपुर को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही नरसिंहपुर रेलवे स्टेशन पर आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था की गई। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही रेलवे चिकित्सक डॉ. आर. आर. कुर्रे ने बच्चे का तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण कर प्राथमिक उपचार प्रदान किया।
पूछताछ में बच्चे की मां ने बताया कि यात्रा से पहले साइकिल से गिरने के कारण बच्चे के पैर में गंभीर चोट लगी थी, जिससे सूजन बढ़ गई थी और उसे चलने में अत्यधिक परेशानी हो रही थी। समय पर मिले उपचार से बच्चे की स्थिति में राहत मिली।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए 139 हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक चिकित्सा सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाती है, ताकि जरूरतमंद यात्रियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
