मंडी मदार टेकरी कब्रिस्तान के बाहर खड़े वाहनों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Revanchal
3 Min Read

————————
हनुमानताल पुलिस का सख्त रुख, 7-8 वाहनों के चालान, दो वाहन जब्त कर उठाए गए


जबलपुर। शहर के मंडी मदार टेकरी स्थित कब्रिस्तान के बाहर लंबे समय से अवैध और बेतरतीब तरीके से खड़े किए जा रहे वाहनों के खिलाफ आखिरकार पुलिस ने सख्त कार्रवाई कर दी। रविवार शाम करीब 7 बजे थाना हनुमानताल पुलिस ने क्षेत्र में विशेष अभियान चलाते हुए सड़क किनारे खड़े वाहनों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस दौरान 7 से 8 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि दो वाहनों को जब्त कर उठाया भी गया।


स्थानीय लोगों के अनुसार कब्रिस्तान और मंडी मदार टेकरी मार्ग के बाहर बड़ी संख्या में वाहन खड़े होने के कारण रोजाना यातायात प्रभावित हो रहा था। सड़क संकरी होने की वजह से लोगों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार जाम जैसी स्थिति भी बन जाती थी। क्षेत्रवासियों द्वारा लगातार प्रशासन और पुलिस से कार्रवाई की मांग की जा रही थी।


पुलिस को देखते ही वाहन छिपाने की कोशिशें भी नाकाम
बताया जा रहा है कि पूर्व में जब भी पुलिस कार्रवाई के लिए पहुंचती थी, तब कई वाहन मालिक अपने वाहन कब्रिस्तान के गेट नंबर-1 के अंदर खड़े कर देते थे, जिससे वे कार्रवाई से बच जाते थे। लेकिन इस बार हनुमानताल पुलिस पूरी तैयारी के साथ पहुंची। पुलिस टीम ने क्षेत्र में खड़े वाहनों को ढूंढ-ढूंढकर कार्रवाई की और किसी भी वाहन चालक को बख्शा नहीं गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार्रवाई के दौरान न तो किसी की सिफारिश चली और न ही किसी प्रकार का राजनीतिक या बाहरी दबाव काम आया। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी वाहन चालकों पर समान रूप से कार्रवाई की।


लंबे समय से उठ रही थी कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों और राहगीरों का कहना है कि इस इलाके में अव्यवस्थित पार्किंग लंबे समय से बड़ी समस्या बनी हुई थी। कई बार एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों को भी निकलने में परेशानी होती थी। लोगों का आरोप था कि सड़क किनारे स्थायी रूप से वाहन खड़े कर दिए जाते थे, जिससे आम जनता को दिक्कतें झेलनी पड़ती थीं।


रविवार को हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों ने थाना हनुमानताल पुलिस की सराहना की है। नागरिकों का कहना है कि यदि इसी तरह नियमित कार्रवाई जारी रही तो यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को राहत मिलेगी।


पुलिस ने दी चेतावनी
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले वाहनों पर चालानी कार्रवाई के साथ-साथ वाहन जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।

Share This Article
Translate »