प्रशासनिक कार्य सुविधा के दृष्टिगत आंशिक संशोधन, आईएएस और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को मिले नए प्रभार
दैनिक रेवांचल टाइम्स – मंडला। जिला प्रशासन में प्रशासनिक कार्यों को अधिक व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी राहुल नामदेव धोटे ने अधिकारियों के मध्य कार्य विभाजन में आंशिक संशोधन किया है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं, जो आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेंगे।
जारी आदेश के अनुसार भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को दांडिक, राजस्व सहित विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं एवं प्रशासनिक कार्यों का प्रभार सौंपा गया है।
शैलेंद्र चौधरी (आईएएस 2025), एसडीएम मंडला को तहसील मंडला के दांडिक एवं राजस्व प्रकरणों के निपटारे के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने, भू-अर्जन, नजूल, निर्वाचन संबंधी कार्यों तथा रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
श्रीमती नदीमा शीरी, संयुक्त कलेक्टर को वित्त एवं स्थापना, नाजरात, जनसुनवाई, समयसीमा पत्रों की समीक्षा बैठक संबंधी जानकारी संकलन, विधानसभा प्रकोष्ठ तथा मुख्यमंत्री/मुख्य सचिव मॉनिटरिंग जैसी महत्वपूर्ण शाखाओं का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है।
श्रीमती सोनल सिडाम, संयुक्त कलेक्टर को स्थानीय निर्वाचन, नजूल एवं भाड़ा नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, जनशिकायत एवं सतर्कता शाखा, डीयूडीए सहित मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त पत्रों के त्वरित निराकरण हेतु नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
श्रीमती क्षमा सराफ, डिप्टी कलेक्टर को भू-अर्जन, बरगी पुनर्वास एवं हालोन परियोजना, जिला कोषालय निरीक्षण, सिविल सूट तथा जनगणना संबंधी कार्य सौंपे गए हैं।
वहीं राजेश कौशिक, डिप्टी कलेक्टर को भू-अभिलेख, सांख्यिकी, प्रपत्र एवं लेखन सामग्री, आंतरिक लेखा परीक्षण तथा संभागीय एवं राज्य स्तरीय बैठकों के नोडल अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है।
जिला प्रशासन द्वारा किए गए इस कार्य विभाजन का उद्देश्य अधिकारियों के बीच दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण करते हुए प्रशासनिक कार्यों के त्वरित निराकरण एवं शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से लागू करना बताया गया है। नए कार्य विभाजन के बाद अब संबंधित अधिकारी अपने-अपने निर्धारित दायित्वों के अनुरूप कार्य करेंगे।
