खाद वितरण, गेहूं उपार्जन, पेयजल सहित महत्वपूर्ण विषयों पर की विस्तृत समीक्षा
गेहूं उपार्जन में कृषकों को न हो कोई परेशानी – प्रभारी मंत्री सिंह
पेयजल समस्या का निकालें स्थाई समाधान – प्रभारी मंत्री सिंह
कृषि उपज मंडी कुसमेली की व्यवस्थाएं सुचारू रखने, समय पर उठाव करें व्यापारी – प्रभारी मंत्री
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने आज कलेक्टर कार्यालय छिंदवाड़ा के सभाकक्ष में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक ली।
बैठक में छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू, नगर निगम छिंदवाड़ा के महापौर विक्रम अहके, शेषराव यादव, अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह, पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना, जिले के विभिन्न नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों के अध्यक्ष और उद्योग, व्यापार, प्रगतिशील किसान, समाज सेवा, चिकित्सा, विधि आदि क्षेत्रों के नामांकित प्रतिनिधि एवं समिति के सदस्य सचिव कलेक्टर हरेंद्र नारायन के साथ ही एसपी अजय पाण्डेय, डीएफओ साहिल गर्ग, एडीएम धीरेन्द्र सिंह, एएसपी आशीष खरे, एसडीएम छिंदवाड़ा सुधीर जैन, कृषि, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगर निगम सहित सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी और संबंधित सभी प्रमुख विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि जिले की चहुंमुखी समृद्धि के लिए मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रदेश के प्रत्येक जिले में जिला विकास सलाहकार समिति का गठन किया गया है।
गेहूं उपार्जन और ई टोकन बुकिंग में कृषकों को न हो कोई परेशानी – बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी मंत्री सिंह ने सर्वप्रथम जिले में गेहूं उपार्जन और ई टोकन प्रणाली से खाद वितरण की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को फसल विक्रय में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
यदि कहीं स्लॉट बुकिंग या खाद वितरण के लिए ई टोकन बुकिंग में सर्वर की समस्या संज्ञान में आए तो राज्य स्तर से समन्वय कर उसका त्वरित निराकरण सुनिश्चित कराएं। जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता के संबंध लगातार मीडिया के माध्यम से किसानों तक इसका व्यापक प्रचार प्रसार नियमित रूप से किया जाए। ई टोकन बुकिंग में किसानों को तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में बताया गया कि जिले में कुल निर्धारित 84 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से गेहूं का उपार्जन कराया जा रहा है, जिनमें 64 गोदाम स्तरीय, 03 मंडी स्तरीय और 17 समिति स्तरीय उपार्जन केंद्र शामिल हैं।
जिले के कुल पंजीकृत 29585 किसानों में से अभी तक 18220 किसानों द्वारा स्लॉट बुकिंग की गई है और 8330 किसानों से 46171 मेट्रिक टन गेहूं का उपार्जन कराया जा चुका है। स्लॉट बुकिंग का कार्य 23 मई तक किया जा सकता है और खरीदी का कार्य 26 मई तक जारी रहेगा।
पेयजल समस्या का निकालें स्थाई समाधान – बैठक में प्रभारी मंत्री सिंह द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में नल जल योजनाओं का क्रियान्वयन सुचारू रहे। फील्ड में नियमित नजर बनाए रखें।
जहां बोर कराए हुए थे, देख लें कि वे चल रहे हैं या नहीं, अन्यथा वैकल्पिक व्यवस्था बनाएं। पेयजल कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहें और इनके नंबर ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत स्तर तक सभी को पता रहें।
कंट्रोल रूम में आने वाली शिकायतों की विधिवत पंजी संधारित की जाए और शिकायतों का तत्परता से निराकरण कराते हुए ग्रामीणों से फीडबैक भी लिए जाएं। यह रिकॉर्ड आगामी वर्ष की पुख्ता पूर्व कार्ययोजना बनाने में बहुत उपयोगी साबित होगा। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी द्वारा पाइप लाइन बिछाने के बाद कुछ स्थानों पर किए गए रोड रेस्टोरेशन कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जाहिर की और गुणवत्ता सुधारने के सख्त निर्देश दिए।
शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री सिंह ने सभी नगरीय निकायों को पेयजल समस्या का स्थाई समाधान निकालने की बात कही। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय सक्षम होते हैं और संभावित समस्याओं की पूर्व से जानकारी होती है, ऐसे में हमारी पूरी तैयारी रहनी चाहिए और समस्या के आते ही समाधान भी त्वरित होना चाहिए।
नगर निगम छिंदवाड़ा में बीते दिनों आंधी तूफान के बाद आई पेयजल समस्या और नगरीय निकाय चौरई, जुन्नारदेव और परासिया की पेयजल समस्या के संबंध में समिति के सदस्यों द्वारा अवगत कराने पर प्रभारी मंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कलेक्टर को इस संबंध में बैठक करने और समस्या का स्थाई समाधान निकालने के निर्देश दिए।
उन्होंने अमृत 2.0 के क्रियान्वयन में लेट लतीफी पर नाराजगी जाहिर की और ठेकेदार पर पेनाल्टी लगाते हुए निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अन्य निर्देश
बैठक में कृषि उपज मंडी कुसमेली में कृषकों को हो रही परेशानी की ओर प्रभारी मंत्री सिंह का ध्यान आकृष्ट कराया गया। बैठक में बताया गया कि व्यापारी निर्धारित समय सीमा के बाद भी कई हफ्तों तक खाद्यान्न मंडी के शेड में रखे रहते हैं, जिसके कारण किसानों को परेशानी हो रही है। इस पर प्रभारी मंत्री सिंह ने सभी व्यापारियों से आग्रह किया कि शासन की मंशा के अनुरूप किसान हित में जो नियम बनाए गए हैं, उनका पालन सुनिश्चित करें और मंडी के शेड से अपना अनाज समय पर उठाएं।
जैविक हाट बाजार और जैविक उत्पादों को बढ़ावा देने, कृषकों ने प्रभारी मंत्री का जताया आभार- प्रभारी मंत्री सिंह द्वारा स्वयं भी छिंदवाड़ा जिले के किसानों से क्रय कर जैविक/प्राकृतिक उत्पादों का नियमित उपयोग किया जाता है और वे निरंतर जैविक कृषि को बढ़ावा देने पर जोर देते हैं।
उनके मार्गदर्शन में ही बीते माहों से सब्जी मंडी गुरैया में प्रत्येक शनिवार जैविक हाट बाजार लगाया जा रहा है, जिससे जैविक खेती करने वाले किसानों को भी विक्रय का एक स्थान मिला है और उनके उत्पादों को आमजन से भी अच्छा रिस्पोंस मिल रहा है। जिसके लिए जिले के जैविक कृषकों ने आज प्रभारी मंत्री सिंह को प्रतीक स्वरूप विभिन्न जैविक उत्पादों की टोकरी भेंट कर उनका आभार जताया।
प्राकृतिक/जैविक खेती को बढ़ावा देने जनप्रतिनिधियों से पुनः की अपील
प्रभारी मंत्री सिंह ने जैविक/ प्राकृतिक खेती के लाभों से अवगत कराते हुए रासायनिक खेती से मानव और मृदा स्वास्थ्य पर हो रहे दुष्प्रभावों की ओर सभी का ध्यान पुनः आकृष्ट कराया।
उन्होंने जिले में हो रही प्राकृतिक और जैविक खेती करने वालों किसानों की सराहना की और सभी जनप्रतिनिधियों से भी जिले में प्राकृतिक/जैविक खेती को और बढ़ावा देने में सहयोग की अपील की। उल्लेखनीय है प्राकृतिक एवं जैविक उत्पादों में विशेष रुचि होने और उनके लाभों के प्रति सजग होने के कारण प्रभारी मंत्री सिंह, स्वयं छिंदवाड़ा के कृषकों से प्राकृतिक/जैविक खेती द्वारा उत्पादित खाद्यान्न क्रय कर उपयोग कर रहे हैं।
