शहर में पुलिस की स्पेशल चेकिंग स्ट्राइक होटल-ढाबों की खंगाली कुंडली, सरेराह जाम छलकाने वालों को दी सख्त चेतावनी

Revanchal
4
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा

शहर की शांति व्यवस्था को बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है।
पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, छिंदवाड़ा पुलिस ने बीती रात शहर के विभिन्न इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई से नियम विरुद्ध काम करने वाले संचालकों और असमाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।

​संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा
​नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में 05 मई 2026 की रात्रि को थाना देहात, कुण्डीपुरा और कोतवाली की एक संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। इस टीम ने शहर के प्रवेश द्वारों से लेकर आंतरिक इलाकों में स्थित होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर अचानक दबिश दी।

​ढाबा संचालकों को ‘अल्टीमेटम’
​चेकिंग के दौरान पुलिस ने होटल और ढाबा संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि, ​आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
​संस्थान में आने वाले मुसाफिरों और ग्राहकों के अनिवार्य दस्तावेज आई डी प्रूफ संधारित करें।
​नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस निरस्तीकरण और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

​सार्वजनिक स्थलों पर सख्ती
​कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उन स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जहाँ अक्सर लोग अंधेरे का फायदा उठाकर शराब पीते हैं। सार्वजनिक स्थलों पर जाम छलकाते पाए गए लोगों को पुलिस ने मौके पर ही कड़ी समझाइश दी। पुलिस ने दो टूक चेतावनी दी कि अगली बार पकड़े जाने पर सीधे जेल की हवा खानी होगी।

​ पुलिस अधीक्षक अजय पांडे का संदेश स्पष्ट है कि शहर की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या संदिग्ध आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नागरिक सुरक्षित महसूस करें, इसके लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।


इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, निरीक्षक आशीष धुर्वे, सउनि नितेश ठाकुर सहित आरक्षक बोरा, शेरसिंह, सतेन्द्र और राजेंद्र की सराहनीय भूमिका रही।

Share This Article
Translate »