श्रद्धा और आस्था की कठिन डगर अमरनाथ यात्रा के लिए तीसरा जत्था आज रेलमार्ग से होगा रवाना

Revanchal
3 Min Read

​67 वर्षीय वीरेंद्र पंड्या करेंगे रजत जयंती 25वीं यात्रा, जिले से अब तक 660 श्रद्धालुओं का हुआ पंजीयन

​8 जुलाई को पहलगाम मार्ग से होंगे बाबा बर्फानी के अलौकिक दर्शन

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा

हिमालय की दुर्गम और बर्फानी पहाड़ियों में 14,500 फीट की कठिन ऊँचाई पर स्थित पावन श्री अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए छिंदवाड़ा जिले में भारी उत्साह है। इसी कड़ी में जिले के श्रद्धालुओं का तीसरा जत्था आज रेलमार्ग से रवाना होने जा रहा है। शिव शक्ति सेवा मंडल के सेवादारों ने बताया कि इस वर्ष मंडल के माध्यम से जिले के लगभग 660 अमरनाथ यात्रियों का बैंक पंजीयन सफलतापूर्वक कराया जा चुका है।


​वीरेंद्र पंड्या के नेतृत्व में नवेगांव का जत्था तैयार
​मंडल सेवादार कृष्णा सेठिया और राकेश साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि नवेगांव से वीरेंद्र पंड्या के कुशल नेतृत्व में यात्रियों का एक विशेष जत्था बाबा के जयकारों के साथ रवाना होगा। इस जत्थे में प्रहलाद विश्वकर्मा, शर्मिला विश्वकर्मा, मेहताब, तुलसीराम, रघुवीर जगदेव, रामकली जगदेव, रामनाथ यदुवंशी, भूपेंद्र ठाकुर, कमल कुरोलिया, धूमलेश विश्वकर्मा और श्रीराम शामिल हैं। यह सभी श्रद्धालु अत्यंत दुर्गम माने जाने वाले पहलगाम मार्ग से होते हुए आगामी 8 जुलाई को बाबा अमरनाथ के दर्शन करेंगे।

67 की उम्र में 25वीं बार ‘बुलावा’ आस्था की अनोखी मिसाल
​इस यात्रा का सबसे प्रेरणादायी और अनूठा पहलू बर्फानी सेवा समिति नवेगांव के 67 वर्षीय वीरेंद्र पंड्या हैं। उम्र के इस पड़ाव पर जहाँ लोग आराम चुनते हैं, वहीं वीरेंद्र पंड्या अदम्य साहस और अटूट शिवभक्ति के साथ अपनी 25वीं अमरनाथ यात्रा रजत जयंती यात्रा पर जा रहे हैं। उनका यह जज्बा अन्य युवाओं और श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बना हुआ है।


​छिंदवाड़ा से भी रवाना होगा 12 सदस्यीय दल
मुख्य जत्थे के साथ ही कल रात्रि में छिंदवाड़ा शहर से भी 12 यात्रियों का दल पवित्र गुफा के लिए कूच करेगा। इस दल में सुनील कहार, संतोष मालवी, दीपक लोखंडे, दीपक बारस्कर, रामकृष्ण मालवी, दीपक देशमुख, भगवतराव देशमुख और सतीश पवार सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हैं।

हवाई मार्ग से भी जाएंगे कई भक्त, शुभकामनाओं का दौर जारी
​जिले से प्रतिदिन श्रद्धालुओं की रवानगी का सिलसिला जारी है। शिव शक्ति सेवा मंडल ने बताया कि कुछ यात्री अपनी तय दर्शन तिथि के अनुसार वायुमार्ग फ्लाइट से भी अमरनाथ के लिए रवाना होंगे। यात्रा पर जाने वाले सभी भक्तों को परिजनों, मित्रों और सामाजिक संगठनों द्वारा फूल-मालाएं पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर विदाई दी जा रही है। सभी ने बाबा के भक्तों की इस यात्रा के सुखद, सुरक्षित और मंगलमयी होने की कामना की है।

👁️ 2 views Views
Share This Article
Translate »