जल जीवन मिशन नहीं बुझा पा रहा जरूरतमंदों की प्यास …? बूंद-बूंद पानी को तरस रहे परसवाड़ा के लोग

Revanchal
4
3 Min Read

गर्मी में ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी, जिम्मेदारों की लापरवाही पर फूटा आक्रोश

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले की नैनपुर तहसील अंतर्गत ग्राम परसवाड़ा में सरकार की बहुप्रचारित जल जीवन मिशन की नल-जल योजना पिछले 15 दिनों से पूरी तरह बंद पड़ी हुई है। भीषण गर्मी के बीच गांव के लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार गहरी नींद में सोए हुए हैं। करोड़ों रुपए खर्च कर बनाई गई योजना अब ग्रामीणों के लिए मजाक बनकर रह गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि बड़ी मुश्किलों और लंबे इंतजार के बाद गांव में नल-जल योजना शुरू हुई थी, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी थी। लेकिन अब योजना बंद होने से हालात पहले से भी बदतर हो गए हैं।

महिलाएं और बुजुर्ग दूर-दूर से पानी ढोने को मजबूर हैं। कई परिवारों को पीने के पानी तक के लिए भटकना पड़ रहा है।


गांव के नागरिकों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि गर्मी के चरम समय में भी प्रशासन समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा। सवाल यह उठ रहा है कि जब सरकार हर घर जल पहुंचाने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, तो आखिर परसवाड़ा के लोगों को मूलभूत सुविधा से क्यों वंचित रखा जा रहा है?


ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि योजना के रखरखाव और संचालन में भारी लापरवाही बरती जा रही है। शिकायतों के बावजूद अब तक कोई सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ है। इससे साफ जाहिर होता है कि जिम्मेदारों को आम जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।


ज्ञात हो कि यहां पर जल जीवन मिशन का काम सही तरीके से नहीं कराया गया है। सभी घरों में नल की टोटी प्लेटफार्म बनाकर नहीं लगाई गई है। सम्प पंप की सफाई नहीं की जा रही है। सम्प के अंदर गंदगी होने की जानकारी मिली है। इस बात की जानकारी सभी जवाबदारों को है ।इसके बावजूद उनकी बेहोशी नहीं टूट रही है। जन अपेक्षा है तमाम दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्यवाही की जावे।

Share This Article
Translate »