सिहोरा में यातायात चरमराया: पुराने से नए बस स्टैंड तक जाम अतिक्रमण और साप्ताहिक बाजार ने बिगाड़ा हालात, पुलिस ने मशक्कत कर निकाले वाहन
दैनिक रेवांचल टाइम्स सिहोरा
सोमवार दोपहर सिहोरा में पुराने बस स्टैंड से नए बस स्टैंड तक करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। दोनों तरफ बस और दोपहिया वाहनों की कतारें लग गईं। साप्ताहिक बाजार के चलते स्थिति और भी अराजक हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को बहाल किया।
गौरी चौराहा से एलआईसी तक वाहन रेंगते रहे
सबसे ज्यादा जाम की स्थिति गौरी चौराहा से एलआईसी के बीच रही। यहां दोपहिया वाहन चालकों के लिए निकलना भी मुश्किल हो गया। करीब एक घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। यह क्षेत्र आम दिनों में भी जाम की समस्या से जूझता है।

कुर्रे रोड और अस्पताल रोड भी रहे प्रभावित
साप्ताहिक बाजार के कारण कुर्रे रोड स्टेडियम के पास और अस्पताल रोड में भी वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। बस, ट्रक, हाइवा और डंपर जहां-तहां खड़े रहे, जिससे खरीदारी करने आए लोग परेशान हो गए।

अतिक्रमण है मुख्य कारण
पुराने से नए बस स्टैंड तक सड़क किनारे अस्थायी ठेले और दुकानदारों का कब्जा जाम का बड़ा कारण बना हुआ है। नया बस स्टैंड तो अब वाहनों की ओवरहालिंग सेंटर बनकर रह गया है। प्रशासन और पुलिस की ओर से अब तक अतिक्रमण हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
