रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
चांद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चारगांव के एक खेत में मिली महिला की सड़ी-गली लाश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जिसे परिजन ‘लड़की देखने’ जाने का समझ रहे थे, वह असल में मौत के जाल में फंस चुकी थी। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अवैध संबंधों और साथ रहने के दबाव से तंग आकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था।
खेत में मिली थी अज्ञात लाश
बीती 1 मई 2026 को ग्राम चारगांव के एक खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। शिनाख्त करने पर मृतिका की पहचान सुनीता पति पतिराम साहू (45 वर्ष), निवासी पातालेश्वर (थाना कुंडीपुरा) के रूप में हुई। मृतिका 28 अप्रैल से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कुंडीपुरा थाने में दर्ज थी।
प्रेम प्रसंग और ब्लैकमेलिंग का एंगल
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने जब संदेह के आधार पर हेमंत सोनेकर (29 वर्ष), निवासी लहगड़ुआ को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो रूह कंपा देने वाला सच सामने आया
अवैध संबंध, आरोपी और मृतिका के बीच पिछले 6-7 महीनों से जान-पहचान और अवैध संबंध थे।
दबाव का खेल शुरू मृतिका लगातार आरोपी पर साथ रहने का दबाव बना रही थी, जिससे आरोपी परेशान था।
साजिश का नाटक 28 अप्रैल को आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर चारगांव के पास सुनसान खेत में ले गया और मौका पाकर महिला के ही दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया।
लूट हत्या के बाद आरोपी ने मृतिका के सोने के टॉप्स, मंगलसूत्र, अंगूठी और चांदी की पायल लूट ली थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बरामदगी
थाना प्रभारी चांद, निरीक्षक राकेश सिंह बघेल के नेतृत्व में टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से लूटे गए समस्त जेवर बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला जेल छिंदवाड़ा भेज दिया गया है।
सराहनीय कार्य हेतु ईनाम की घोषणा
इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने वाली टीम (सउनि सतीश दुबे, आर. सुरेन्द्र, आर. विवेक, आर. अभिषेक एवं सायबर सेल) की सफलता पर पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
