दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी– सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन कृषि विज्ञान केंद्र, सिवनी में आयोजित पीएम किसान सम्मान निधि हस्तांतरण, प्राकृतिक खेती कार्यशाला एवं कृषक संगोष्ठी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके बाद विभागीय अधिकारियों द्वारा विधायक का पुष्पगुच्छ से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त के अंतर्गत देशभर के किसानों के खातों में राशि का वर्चुअल हस्तांतरण किया गया, जिसे कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने देखा।
अपने संबोधन में विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने स्वयं को किसान परिवार से जुड़ा बताते हुए खेती के व्यावहारिक अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि पहले बड़ी भूमि पर भी सीमित उत्पादन होता था, जबकि आज तकनीक के कारण कम भूमि में अधिक उत्पादन संभव हो पाया है।
उन्होंने बढ़ती उत्पादन लागत, भूमि के छोटे होते टुकड़े और कृषि में बढ़ते जोखिम पर चिंता जताते हुए कहा कि रासायनिक खाद एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से भूमि की उर्वरक क्षमता प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्राकृतिक खेती अपनाने और मिट्टी की सेहत बचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने परिसर में लगाए गए विभिन्न कृषि स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा किसानों से संवाद कर विभागीय योजनाओं एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन, जनपद अध्यक्ष किरण भलावी, जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल, गजानंद पंचेश्वर, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रदीप राय, जिला उपाध्यक्ष सुरेश सनोडिया, नवनीत ठाकुर, आनंद शर्मा, जनभागीदारी समिति पीजी कॉलेज अध्यक्ष अजय पांडे, ठाकुर महताब सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
