पानी पर मनमानी पड़ रही भारी, वाल्व से छेड़छाड़ से कई गांवों की जलापूर्ति प्रभावित

Revanchal
3 Min Read

शिकायत महाप्रबंधक और सीईओ तक पहुंची, सुधार नहीं होने पर विभाग चालानी कार्रवाई पर भी कर सकता है विचार

दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी- जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम तिघरा में संचालित जलापूर्ति व्यवस्था में लगातार हो रही छेड़छाड़ के कारण कई गांवों की पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने लगी है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों तक शिकायत पहुंचा दी है और अब जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम तिघरा के लगभग 35 घरों को डीआई बायपास लाइन के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जाती है। जलापूर्ति को नियंत्रित करने के लिए सीसी चैंबर और ताला-चाबी की व्यवस्था भी की गई है, लेकिन आरोप है कि जलापूर्ति पूर्ण होने के बाद कुछ लोग बार-बार वाल्व खोल देते हैं और पेयजल का उपयोग आवश्यकता से अधिक घरेलू सिंचाई सहित अन्य कार्यों में कर रहे हैं।

बताया गया है कि सुरक्षा के लिए लगाए गए ताले भी कई बार तोड़े जा चुके हैं, जिससे पूरी जलापूर्ति व्यवस्था बाधित हो रही है। इसका सीधा असर कोहका, पिपरदाही और सुकरी जैसे दूरस्थ ओवरहेड टैंकों (ओएचटी) पर पड़ रहा है, जो पर्याप्त मात्रा में नहीं भर पा रहे हैं और कई गांवों की नियमित जलापूर्ति प्रभावित हो रही है।

महाप्रबंधक और सीईओ तक पहुंची शिकायत

सूत्रों के अनुसार मामले की शिकायत अब जल जीवन मिशन के महाप्रबंधक और संबंधित जनपद के सीईओ स्तर तक पहुंच चुकी है। विभागीय स्तर पर भी इस बात पर विचार किया जा रहा है कि यदि समझाइश और चेतावनी के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं होता है तो सार्वजनिक जलापूर्ति व्यवस्था में बाधा पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ चालानी एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।

आपकी लापरवाही किसी और गांव की प्यास बन रही है

ग्रामीणों ने अपील करते हुए कहा है कि लोगों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझनी होगी। पानी किसी एक गांव या परिवार का नहीं, बल्कि सभी का साझा संसाधन है। यदि आपको भरपूर पानी उपलब्ध हो रहा है तो इसे अपना सौभाग्य समझें, लेकिन आगे बसे गांवों तक पानी नहीं पहुंचने देना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।

एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते अपनी आवश्यकता के साथ-साथ दूसरे गांवों के लोगों की जरूरतों और उनकी प्यास का भी ध्यान रखना जरूरी है। जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर घर तक समान रूप से पानी पहुंचाना है और इसमें आम नागरिकों का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है।

👁️ 7 views Views
Share This Article
Translate »