काल बनकर पलटा मौत का डंपर: कोयले के नीचे दबी कार, अगरबत्ती व्यवसायी की दर्दनाक मौत

Revanchal
3 Min Read

​हरनभाटा के पास हृदय विदारक हादसा अनियंत्रित होकर कार पर पलटा ओवरलोड डंपर, एक घायल

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा

शिवपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरनभाटा के समीप गुरुवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया। यहाँ कोयले से लदे एक अनियंत्रित डंपर ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियाँ छीन लीं। तेज रफ्तार डंपर तीखे मोड़ पर कार के ऊपर जा पलटा, जिससे कार सवार क्षेत्र के प्रतिष्ठित अगरबत्ती व्यवसायी की मौके पर ही दबकर मौत हो गई, जबकि उनका साथी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।


​हादसे का मंजर, टन भर कोयले के नीचे पिचक गई कार


​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोयला लदा डंपर (MH 40 CD 4001) काफी तेज रफ्तार में था। हरनभाटा के पास स्थित तीखे मोड़ पर अचानक डंपर का टायर फट गया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा। इसी दौरान वहां से गुजर रही कार (MP 28 CA 0724) इस भारी-भरकम डंपर की चपेट में आ गई। डंपर सीधे कार पर जा गिरा, जिससे कार लोहे के मलबे में तब्दील हो गई।

​व्यवसायी मुकेश काले ने मौके पर तोड़ा दम


​इस भीषण दुर्घटना में कार चालक मुकेश काले (निवासी चांदामेटा) की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मुकेश क्षेत्र के जाने-माने अगरबत्ती व्यवसायी थे। उनके निधन की खबर से चांदामेटा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। कार में सवार दूसरे युवक सुरेंद्र मालवी को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।

थाना प्रभारी कंचन राजपूत, ने बताया


​प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टायर फटने के कारण डंपर अनियंत्रित हुआ और कार पर पलट गया। हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है और एक घायल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​रेस्क्यू ऑपरेशन मलबे से मुश्किल से निकाले गए शव
​घटना के बाद चीख-पुकार मचते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुँची। कार कोयले और डंपर के नीचे इस कदर दब चुकी थी कि उसे निकालने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों की कोशिशों के बाद पुलिस ने डंपर हटवाकर मार्ग बहाल कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

👁️ 8 views Views
Share This Article
Translate »