पन्ना में गरमाई राजनीति: जेल पहुंचे जीतू पटवारी, बंद किसान नेताओं से की मुलाकात

Revanchal
9
2 Min Read

केन-बेतवा परियोजना पर उठाए सवाल, बोले- विस्थापितों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं

रेवांचल टाइम्स पन्ना। केन-बेतवा लिंक परियोजना को लेकर जिले में चल रहे विरोध और विस्थापितों की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। इसी क्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष Jitu Patwari पन्ना पहुंचे और जेल में बंद किसान नेताओं तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने आंदोलनकारियों के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी केन-बेतवा परियोजना पर गंभीर सवाल खड़े किए।

मीडिया से चर्चा के दौरान जीतू पटवारी ने कहा कि यह परियोजना भौतिक रूप से व्यवहारिक नहीं है। उनका कहना था कि केन नदी का पानी बेतवा में ले जाना आसान नहीं है, जबकि इसके लिए हजारों पेड़ों की कटाई की जा रही है। साथ ही दर्जनों गांवों के विस्थापन और Panna Tiger Reserve के बड़े हिस्से के डूब क्षेत्र में आने से पर्यावरण को भारी नुकसान होगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री द्वारा विस्थापितों के पुनर्वास और न्याय को लेकर किए गए बड़े-बड़े वादों का गला घोंटा जा रहा है। जो लोग अपने अधिकारों और न्याय की मांग कर रहे हैं, उन्हें जेल में डाला जा रहा है। गरीब आदिवासियों की भूमि छीनकर उन्हें बेघर किया जा रहा है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी विस्थापित किसानों, आदिवासियों और आंदोलनकारियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रखेगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि निर्दोष आंदोलनकारियों को तत्काल रिहा किया जाए और विस्थापितों को न्याय दिलाया जाए।

Share This Article
Translate »