रेवांचल टाइम्स – मंडला जिले की तहसील मुख्यालय घुघरी में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के विरोध में घुघरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घुघरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया तथा जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के लिए इस्तेमाल की गई भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस प्रकार की भाषा की अपेक्षा नहीं की जा सकती। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे पूरे कांग्रेस परिवार और लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान बताया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन को और अधिक तेज करेगी।
इस अवसर पर आदिवासी कांग्रेस प्रदेश महासचिव कमल सिंह मरावी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरविन्द कुशराम, जनपद उपाध्यक्ष सिहारे करचाम, विधायक प्रतिनिधि नेतराम साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता मरावी, जिला महिला कांग्रेस सचिव श्रीमती रुक्मणि सोनवानी, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष देवेंद्र दीक्षित, मंडलम अध्यक्ष संजू पटेल, हम्मी मरावी, मेवा धुर्वे, ब्लॉक प्रवक्ता अरविंद झारिया, दरबारी नरते, दयाल मरावी, फूलसिंह मरावी, आईटी सेल विधानसभा अध्यक्ष मनोज सोनवानी (मोंटी), अनिल धुर्वे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदर्शन के दौरान पूरे क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नारों से माहौल गर्म रहा और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ अपना तीखा विरोध दर्ज कराया।
