मेगा एग्रीकल्चर आउटरीच छिंदवाड़ा में किसानों को ₹55 करोड़ का ऋण वितरित
’समृद्ध किसान – समृद्ध राज्य’ थीम के तहत सेंट्रल बैंक का देशव्यापी अभियान किसानों के लिए बना वरदान
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण, कृषि विकास तथा ग्रामीण समृद्धि को गति देने के उद्देश्य से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा छिंदवाड़ा के स्थानीय होटल के. डी. में एक भव्य ‘मेगा एग्रीकल्चर आउटरीच कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया।
मध्य प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को ‘कृषि वर्ष’ घोषित किए जाने और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ‘समृद्ध किसान – समृद्ध राज्य’ थीम के अंतर्गत बैंक का यह देशव्यापी अभियान जिले के किसानों के लिए वरदान साबित हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान जिले के अन्नदाताओं को कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के लिए ₹55 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र एवं राशि का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के दूरदर्शी संस्थापक सर सोराबजी पोचखानावाला के चित्र पर पुष्पहार अर्पित करने एवं दीप प्रज्वलित कर की गई।
लोन लेकर इंश्योरेंस कराएं और समय पर चुकाएं: एडीएम धीरेंद्र कुमार
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडीएम धीरेंद्र कुमार ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा, “कृषि और उससे जुड़ी गतिविधियाँ ग्रामीण अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ हैं। किसान भाइयों को शासन एवं बैंकों की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर आधुनिक और मुनाफे वाली खेती की ओर बढ़ना चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि किसान भाई लोन लेने के बाद अपनी फसलों और संपत्तियों का इंश्योरेंस, बीमा अवश्य कराएं और ऋण की राशि को समय पर जमा करें, ताकि बैंकिंग व्यवस्था का लाभ उन्हें निरंतर मिलता रहे।
किसानों की आत्मनिर्भरता के लिए बैंक पूरी तरह प्रतिबद्ध
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख कुमार उत्कर्ष ने बैंकिंग सुविधाओं, कृषि ऋण, डेयरी, पशुपालन और स्व-सहायता समूहों के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैंक किसानों की प्रगति और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सदैव तत्पर है। वहीं अग्रणी जिला प्रबंधक सतीश कुमार ने वित्तीय समावेशन पर जोर देते हुए किसानों को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जुड़कर शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
गरिमामय मंच और किसानों का दिखा भारी उत्साह
इस भव्य कार्यक्रम का प्रभावी और गरिमामय संचालन सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की लिंगा शाखा के प्रमुख यशवंत चंद्रवंशी द्वारा किया गया। उन्होंने बैंकिंग सेवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। मुख्य अतिथि एडीएम धीरेंद्र कुमार का स्वागत क्षेत्रीय प्रमुख कुमार उत्कर्ष द्वारा किया गया, जबकि कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन अग्रणी जिला प्रबंधक सतीश कुमार ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर क्रेडिट प्रभारी मुख्य प्रबंधक सुशील कुमार सहित सेंट्रल बैंक की विभिन्न शाखाओं के प्रबंधक, कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान भाई-बहन मौजूद रहे। कार्यक्रम में शामिल हुए किसानों ने इस आउटरीच अभियान को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम का समापन ग्रामीण विकास और कृषि क्षेत्र की प्रगति के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
