स्वयं के व्यय से बैगा जनजाति छात्रावास की बालिकाओं को बांटी जरूरी सामग्री
दैनिक रेवाँचल टाईम्स- मंडला। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मंडला अंग्रेजी के शिक्षक अखिलेश उपाध्याय जो जिले अच्छे करियर मार्गदर्शक और मोटिवेटर के रूप में जाने जाते है। शिक्षक के सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए जनसहयोग से संचालित विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति छात्रावास की बालिकाओं की स्वयं के व्यय पर अध्ययन सामग्री , दैनिक उपयोगी सामग्री वितरित की। छात्रावास की 55 बालिकाओं को पेन, कॉपियां, पेंसिल किट ,कॉफी मग , बरसात के लिए छाते, घड़ियाँ, आदि का वितरण किया।
अखिलेश उपाध्याय द्वारा एकल प्रकल्प “” प्रयास “” के माध्यम से शैक्षिक संवर्धन के निरंतर प्रयास किए जा रहे है। विगत वर्षों में अनेक बार उनके द्वारा जरूरतमंद विद्यार्थियों को चिन्हित कर उन्हें आवश्यक शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गयी है। अखिलेश उपाध्याय से चर्चा में उन्होंने बताया कि विशेष पिछड़ी जनजाति की अध्ययनरत छात्राएं विपरीत परिस्थितियों से निकलकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। उन्हें न केवल सामाजिक सहयोग की आवश्यकता है अपितु उन्हें अच्छे मेंटर की भी जरूरत है ।
बालिकाओं के प्रश्नों का समाधान करते हुए आयोजन में करियर मार्गदर्शन प्रदान करते हुए बालिकाओं का मोटिवेशन भी किया गया। शिक्षक ने कहा कि जनजातीय समुदाय को अपनी जड़ों से जुड़कर रहना चाहिए क्योंकि यही उनकी पहचान है और जो व्यक्ति अपनी संस्कृति और संस्कारों छोड़ देता है वास्तव में वह अपनी पहचान खो देता है।वर्तमान परिवेश में बैगा जनजातीय बालिकाओं को अपनी संस्कृति पर गर्व करते हुए समाज की मुख्य धारा से जुड़ना है, जो निरंतर परिश्रम से प्राप्त होगा क्योंकि सफलता प्राप्त करने की कोई शार्टकट नहीं होता।
बालिकाओं से चर्चा उपरांत बेटियों को इस शैक्षणिक सत्र के लिए निःशुल्क अध्यापन और बोर्ड परीक्षा की तैयारी कराने संकल्प लिया। इस अवसर पर शैक्षणिक अध्ययन सामग्री प्राप्त कर बालिकाएं प्रफ्फुलित हुई। छात्रावास प्रबंधन ने शिक्षक अखिलेश उपाध्याय के प्रयास को समाज के लिए प्रेरणादाई बताया। इस अवसर पर बैगा जनजाति छात्रावास की वार्डन , प्रबंधन सहायक पटेल उपस्थित रहें।
