
30 हजार भक्तों के लिए ‘पंगत’ में महाप्रसाद और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर होगा मुख्य आकर्षण
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
स्थानीय तहसील परिसर स्थित श्री पंचमुखी हनुमान शनि मंदिर में आगामी 16 मई (शनिवार) को शनि जन्मोत्सव का पर्व ऐतिहासिक हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। मंदिर का संचालन करने वाली ‘श्री पंचमुखी हनुमान शनि जन कल्याण समिति’ की बैठक में इस भव्य आयोजन की रूपरेखा तय की गई है। इस वर्ष भक्ति के साथ-साथ मानव सेवा का अनूठा संकल्प भी देखने को मिलेगा।
ब्रह्म मुहूर्त से शुरू होंगे अनुष्ठान
समिति के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि जन्मोत्सव की शुरुआत सुबह 5:00 बजे ब्रह्म मुहूर्त में शनि महाराज के विशेष अभिषेक के साथ होगी। इसके पश्चात विधिवत हवन संस्कार और भव्य आरती संपन्न की जाएगी।
भक्ति के साथ सेवा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
जन कल्याण की भावना को सर्वोपरि रखते हुए समिति द्वारा सुबह 10:00 से शाम 4:00 बजे तक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रद्धालुओं के लिए
ब्लड चेकअप (रक्त परीक्षण)
नेत्र परीक्षण शिविर
की सुविधा उपलब्ध रहेगी। समिति का ध्येय है कि मंदिर आने वाला हर भक्त मानसिक शांति के साथ स्वास्थ्य लाभ भी प्राप्त करे।
30 हजार श्रद्धालु चखेंगे महाप्रसाद का जायका
आयोजन का मुख्य आकर्षण शाम को होने वाला विशाल भंडारा होगा। शाम 6:00 बजे संध्या आरती के बाद महाप्रसाद वितरण शुरू होगा।
विशेषता लगभग 30,000 भक्तों को भारतीय परंपरा के अनुसार ‘पंगत’ में बैठाकर ससम्मान प्रसाद ग्रहण कराया जाएगा। यह वितरण रात्रि 11:00 बजे तक अनवरत जारी रहेगा।
अर्द्धरात्रि में दिव्य अभिषेक
जन्मोत्सव के समापन पर रात्रि 12:00 बजे शनि महाराज की दिव्य प्रतिमा का विशेष अभिषेक और गुप्त अनुष्ठान किया जाएगा। मीडिया प्रभारी जितेन्द्र अलबेला ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।
समिति ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से इस पुनीत कार्य में तन, मन, धन और अन्नदान के माध्यम से सहभागी बनकर इच्छुक श्रद्धालु मंदिर कार्यालय में अधिकृत सदस्यों से संपर्क कर दान राशि की रसीद प्राप्त कर सकते हैं।
