दैनिक रेवांचल टाईम्स – जबलपुर, 1 जुलाई। आज जबलपुर जिला कार्यालय में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष एवं बरगी विधानसभा के पूर्व विधायक संजय यादव के नेतृत्व में अतिरिक्त कलेक्टर निशा राठौर एवं पुलिस अधीक्षक को कटंगी क्षेत्र के लगभग 60 किसानों की ओर से एक ज्ञापन सौंपा गया।
जिला काग्रेस कमेटी ग्रा प्रवक्ता विवेक यादव ने बताया कि कटंगी क्षेत्र के लगभग 60 किसानों से गेहूं एवं चना की फसल खरीदने के बाद व्यापारियों द्वारा करीब 1.5 करोड़ रुपये का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। किसानों का आरोप है कि भुगतान के लिए दिए गए चेक बाउंस हो गए और लगातार आश्वासन देकर उन्हें गुमराह किया गया।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पूरे मामले में पुलिस की भूमिका पर किसानों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। किसानों का आरोप है कि दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय उन्हें दबाव में लेने का प्रयास किया गया। साथ ही, एक कथित गोलीकांड की घटना को भी किसानों ने सुनियोजित साजिश बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष संजय यादव ने प्रशासन से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित किसानों का बकाया भुगतान शीघ्र कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को समय पर न्याय नहीं मिला तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगी।
इस अवसर कटंगी ब्लॉक अध्यक्ष नेक नारायण सिंह, सेवा दल अध्यक्ष शिव नामदेव,विवेक यादव एवं पूरे पीड़ित किसान , कांग्रेस पदाधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।
