घुघरी में शराब बिक्री को लेकर उठे सवाल, मनमाने दाम व अवैध विक्रय के आरोप

Revanchal
3 Min Read


रेवांचल टाइम्स मंडला – तहसील मुख्यालय घुघरी में संचालित देशी एवं अंग्रेजी शराब दुकानों की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब दुकानों में न तो निर्धारित रेट लिस्ट प्रदर्शित की जा रही है और न ही ग्राहकों को बिक्री संबंधी स्पष्ट जानकारी दी जा रही है। इससे उपभोक्ताओं को मनमाने दामों पर शराब खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शासन द्वारा शराब के विक्रय हेतु मूल्य निर्धारित किए गए हैं तो उनकी जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित होना चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूल न की जा सके। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शराब दुकान संचालकों द्वारा निर्धारित दरों से अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।


ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि घुघरी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर गली-कूचों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास अवैध रूप से शराब बिक्री कराई जा रही है, जिससे सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। लोगों का कहना है कि खुलेआम हो रही ऐसी गतिविधियों से युवाओं और आम नागरिकों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।


क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि कुछ कथित व्यक्तियों द्वारा स्वयं को पत्रकार बताकर अवैध गतिविधियों को संरक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय लोगों ने इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की है।


वहीं सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि जिले में शराब कारोबार से जुड़े प्रभावशाली लोगों द्वारा गतिविधियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि ऐसी शिकायतों में सत्यता पाई जाती है तो यह कानून व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता के लिए गंभीर विषय हो सकता है।


ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग से मांग की है कि घुघरी क्षेत्र की शराब दुकानों की जांच कराई जाए, निर्धारित मूल्य सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित कराई जाए तथा अवैध शराब बिक्री और अधिक मूल्य वसूली की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जाए।


अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और आबकारी विभाग इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेते हैं तथा आम जनता को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

👁️ 93 views Views
Share This Article
Translate »