सरकारी आवास में युवक का शव मिलने से सनसनी, कमरे से मिला कथित सुसाइड नोट

Revanchal
2 Min Read

एफएसएल टीम के पहुंचने के बाद खोला जाएगा बंद कमरा, जांच में जुटी पुलिस

दैनिक रेवांचल टाईम्स, मंडला। जिले के बम्हनी बंजर थाना क्षेत्र में एक सरकारी आवास में युवक का शव फांसी के फंदे पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुनील सरयाम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस कमरे में घटना हुई, उसी कमरे से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद कमरे को सील कर दिया गया है और बालाघाट से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। अधिकारियों के अनुसार एफएसएल टीम के पहुंचने के बाद ही कमरे को खोला जाएगा और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जाएंगे।

जानकारी के मुताबिक सुनील सरयाम पूर्व में पिंडरई एवं बम्हनी बंजर क्षेत्र में पदस्थ रह चुके थे, जिसके चलते उन्हें सरकारी आवास उपलब्ध कराया गया था। वर्तमान में उनकी पदस्थापना पुलिस लाइन में बताई जा रही है।

घटना के कारणों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि कमरे से मिले कथित सुसाइड नोट को जांच का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। पुलिस और एफएसएल टीम नोट की सत्यता, परिस्थितियों तथा अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी, जिसके बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार सुनील सरयाम शांत, सरल और व्यवहारिक स्वभाव के व्यक्ति माने जाते थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर से परिचितों और क्षेत्रवासियों में शोक का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। एफएसएल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के संबंध में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

👁️ 107 views Views
Share This Article
Translate »