कलेक्टर ने की राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक; सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों को त्वरित निराकरण करने के निर्देश
सर्पदंश पीड़ित की जान बचाने वाले तहसीलदार और पटवारियों का शॉल ओढ़ाकर किया सम्मान
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने गुरुवार को जिला मुख्यालय में जिले के समस्त राजस्व अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सीमांकन, नामांतरण, राजस्व वसूली, अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर कार्रवाई, फॉर्मर रजिस्ट्री तथा सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की बिंदुवार विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने दोटूक शब्दों में कहा कि सभी अधिकारी समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें, कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह, जिला मुख्यालय के सभी संयुक्त व डिप्टी कलेक्टर, जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जिला खनिज अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
प्रमुख निर्देश और समीक्षा के मुख्य बिंदु
राजस्व वसूली में लाएं तेजी:
राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए कलेक्टर नारायन ने कहा कि इसकी नियमित समीक्षा मुख्य सचिव स्तर पर की जा रही है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ तय लक्ष्य के अनुरूप वसूली में तेजी लाएं।
अवैध उत्खनन पर संयुक्त कार्रवाई के निर्देश
अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर लगाम कसने के लिए कलेक्टर ने नवागत जिला खनिज अधिकारी को राजस्व अमले के साथ तालमेल बिठाकर सतत संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माफियाओं के खिलाफ नियमित अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए।
फॉर्मर रजिस्ट्री की दैनिक समीक्षा
फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य में गति लाने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक तहसीलदार प्रतिदिन अपने क्षेत्र के पटवारियों को दिए गए लक्ष्य और प्रगति की मॉनिटरिंग करें। काम में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन में सुधार के लिए विशेष अभियान
कलेक्टर ने कहा कि आगामी 20 जुलाई को विभागीय ग्रेडिंग जारी होनी है। बचे हुए दिनों में सभी अधिकारी विशेष अभियान चलाकर सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का त्वरित व संतोषजनक निराकरण करें, ताकि जिले की रैंकिंग में सुधार हो सके।
अधिकारियों और पटवारियों का हुआ सम्मान
बैठक के दौरान पशुपालन विभाग के डॉ. मेश्राम ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सर्पदंश से बचाव और त्वरित उपचार की विस्तृत जानकारी दी।
जान बचाने पर मिला सम्मान
हर्रई तहसील के ग्राम नांदना में एक सर्पदंश पीड़ित की सूझबूझ से जान बचाने में सराहनीय भूमिका निभाने पर कलेक्टर नारायन ने तहसीलदार हर्रई मलय वाजपेयी, हल्का पटवारी आनंद मोहन पटेल एवं पटवारी रोहित सिंह कौरव को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके इस सेवा कार्य की सराहना की।
