जबलपुर में बस लूट की साज़िश नाकाम : पुलिस ने 5 बदमाश पकड़े, लेकिन सवाल अब भी बाकी

kaonebroadcast@gmail.com
32
3 Min Read

जबलपुर में बस लूट की साज़िश नाकाम : पुलिस ने 5 बदमाश पकड़े, लेकिन सवाल अब भी बाकी

जबलपुर। खितौला बैंक डकैती के बाद से पुलिस अलर्ट पर थी। मुखबिर से खबर मिली कि पाँच लोग एक कार में बैठकर बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। हथियारों से लैस यह गिरोह इंदौर से भोपाल होते हुए जबलपुर आने वाली यात्री बस को स्पीड ब्रेकर पर रोककर लूटने वाला था।


पाटन थाना प्रभारी गोपिन्द्र सिंह राजपूत ने टीम बनाई और महुआ खेड़ा रोड पर घेराबंदी की। कार का नंबर था एमपी 35 सीए 3507। अंदर बैठे लोग बस को रोकने की बातचीत कर रहे थे। पुलिस ने दबिश दी और सभी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं…..


नवल सिंह लोधी (31),

आशीष लोधी (31),

महेंद्र सिंह लोधी (36),

सुखदेव उर्फ सुक्कू लोधी (28),

और कार चालक मुकेश लोधी (24)।

सभी के पास से देशी कट्टा, तलवार, रॉड और डंडे बरामद किए गए। पुलिस ने इनके खिलाफ धारा 310(4), 310(5) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब इनका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
लेकिन यहाँ कहानी खत्म नहीं होती। यहाँ से असली सवाल शुरू होते हैं।
सोचिए, अगर पुलिस समय पर न पहुँचती तो?


वो बस जिसमें आप, आपके बच्चे या आपके माता-पिता सफर कर सकते थे, क्या होता उस बस का?
खितौला बैंक डकैती के बाद भी अपराधियों का हौसला इतना बुलंद क्यों है?


क्या हर बार हमें भरोसा करना होगा कि “किसी मुखबिर” ने सूचना दे दी, तभी अपराध रुकेगा?


गिरोह पकड़ा गया है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया है कि अपराध और अपराधियों का नेटवर्क गाँव से लेकर शहर तक फैला हुआ है। जनता बस में सफर कर रही है, लेकिन अपराधियों के लिए वे सिर्फ “शिकार” हैं।


पुलिस कार्रवाई करती है, प्रेस नोट जारी करती है, फोटो खिंचवाती है। लेकिन अपराध की जड़ तक कब पहुँचेगी?
क्या यह गिरोह पहली बार पकड़ाया है या पहले भी वारदात करता रहा है?


और सबसे बड़ा सवाल…..अगर बस लूट ली जाती तो पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या कहती? वही पुराना जवाब…..”हमने जाँच के आदेश दे दिए हैं”?


जनता इन सवालों के जवाब चाहती है। फिलहाल पुलिस ने वारदात टाल दी है, लेकिन डर और अविश्वास अब भी वहीं खड़ा है।
रिपोर्ट राहिल खान

Share This Article
Translate »