आदिवासी समुदाय ने लगाया पुरातन पूजा स्थल तोड़ने का आरोप

Revanchal
4
2 Min Read

सरही गांव में शासकीय भूमि और सार्वजनिक नाले से छेड़छाड़ का मामला गरमाया

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, जिले के सरही गांव में आदिवासी समुदाय के लोगों ने गांव के ही निवासी तुलाराम उर्फ कल्लू यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के पुरातन पूजा स्थल को जेसीबी मशीन लगाकर क्षतिग्रस्त किया गया, जिससे आदिवासी समाज की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची है।

ग्रामीणों के अनुसार यह पूजा स्थल वर्षों पुराना है और स्थानीय आदिवासी समुदाय यहां पारंपरिक पूजा-अर्चना एवं सामाजिक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। आरोप है कि हाल ही में उक्त स्थल पर जेसीबी चलवाकर उसे तोड़ने का प्रयास किया गया, जिससे गांव में आक्रोश का माहौल बन गया है।

इसके अलावा ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के सार्वजनिक स्टॉप डेम और नाले को भी मिट्टी से पुरवाकर नष्ट करने की कोशिश की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह नाला और स्टॉप डेम गांव के जल संरक्षण और किसानों की सिंचाई व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण हैं। यदि इन्हें नुकसान पहुंचता है तो इसका सीधा असर ग्रामीणों और खेती पर पड़ेगा।

आदिवासी समुदाय के लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि वर्ष 1989-90 की शासकीय भूमि के रिकॉर्ड में कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से छेड़छाड़ कर मालिकाना हक स्थापित करने का प्रयास किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर राजस्व अभिलेखों की सत्यता सार्वजनिक की जानी चाहिए।

ग्रामीणों और आदिवासी समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए तथा पुरातन पूजा स्थल, सार्वजनिक नाले और शासकीय भूमि को संरक्षित किया जाए।

मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।

Share This Article
Translate »